Monday, February 21, 2011

कभी सोचता हूँ की क्या हूँ मैं .......?

कभी सोचता हूँ की क्या हूँ मैं .......?

कभी सोचता हूँ की क्या हूँ मैं ,
  बस इसी उधेड़बुन में उलझा हुआ हूँ मैं,

कभी रिंद, कभी साक़ी कभी मयकदा हूँ ,
   कभी बेफिक्रों की तरह उडता धुआं हूँ मैं,

कोई रिश्ता कोई बंधन कोई नाता हूँ ,
 या ऐसी ही किसी डोर से बंधा हुआ हूँ मैं ,

कोई दे देता है खुश होकर या कोई देता है खफा होकर  ,
 शायद कोई दुआ या कोई बद्दुआ हूँ मैं ,

चमकना था मुझे जगमगाते सितारों की मानिंद ,
  सूरज की रौशनी में ही धुंधला हुआ हूँ मैं..

कभी सोचता हूँ की क्या हूँ मैं ,
  बस इसी उधेड़बुन में उलझा हुआ हूँ मैं,


कभी सोचता हूँ की क्या हूँ मैं..................

                                                            मोहन गोडबोले (साहिल)  :- २१/२/२०११ 

Wednesday, January 19, 2011

  !! क्या मुझमे एह्तेजाज की ताक़त नहीं रही, पीछे की सिम्त  किसलिए  हटने लगा हूँ मैं,
      तुमने भी ऐतबार की चादर समेट ली, शायद ज़बान दे के पलटने लगा हूँ मैं !!

एह्तेजाज: विरोध, प्रतिकार
सिम्त: दिशा

Thursday, January 6, 2011

"जीवन क्या है ? "

 "जीवन क्या है ? "

कभी सोचता हूँ की जीवन क्या है, पल दो पल का आना जाना,
सांसो के इस फेर में बुनते, हम रिश्तों का ताना बाना ||

पल में यादों के बंधन बंधते, पलक झपकते हाथ छूटते,
देर नहीं लगती थोड़ी भी, हमराही का साथ छूटते ||

कल तक जो लगता था अपना, आज हुआ एक हसीन सपना,
सपनों की इस रंगीं दुनिया में क्या खोना और कैसा पाना,
जो अभी है पास तुम्हारे, एक दिन है सबकुछ मिट जाना ||

कब तक सहेज कर ओस को , पतझड़ के पत्तों पर रखते,
तेज हवा के झोंके से नहीं, बच सकते झड़ने से पत्ते,

जीवन के अंतिम पड़ाव पर राही कब मंजिल पता है,
छोड़ रिश्तों के बंधन सारे , दूर अकेला निकल जाता है ||


कभी सोचता हूँ की जीवन क्या है, पल दो पल का आना जाना,
सांसो के इस फेर में बुनते हम रिश्तों का ताना बाना ...............

                                                                              मोहन गोडबोले -" साहिल" : ११-०५-२००३ 

Thursday, December 30, 2010

बूँद: नीर की बूँद

 बूँद: नीर की बूँद
मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,

मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,

बूँद जो पत्तों के पहलु पर आकर थमे,
सूर्य की खामोश नजरें  हौले से जिस पर जमे ,
शीत ऋतू के आगमन की गूंज बनना  चाहता हूँ,
मैं पत्तों पर ओस की एक बूँद बनना  चाहता हूँ ||१||
मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,.......(२)

बूँद जो सागर के ह्रदय से उठे और अम्बर में जा मिले,
बूँद जो बादलों में घुलकर उनके ही संग संग चले ,
फिर बरस कर बादलों से जो नदी में जा मिले ,
धवल धारा की सतह पर धुंद बनना चाहता हूँ ||2||
मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,.......(२)

बूँद जिसके बरसने से खिल जाये धरती का आँगन,
और जड़ो तक भीगने से लहराए फूलों की चादर ,
वसुंधरा के प्राणियों में जो जीवन की प्यास जगाये,
उस अमृत रस वर्षा की एक बूँद बनना चाहता हूँ,||३|
मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,.......(२)

बूँद जो मन का हाल बताए, जो ह्रदय की चाल बताए,
मानव का अंतरतम जो निचोड़े, जो दिमाग को दिल से जोड़े,
करुण ह्रदय के क्रंदन की वो गूंज बनना चाहता हूँ ,
मैं गंगा सी पवित्र अश्रु की एक बूँद बनना चाहता हूँ ||४|

मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,.......
मैं धरा पर नीर की एक बूँद बनना चाहता हूँ,.......
|

                                                                   मोहन गोडबोले -" साहिल": ०६-०२-२००५